कोरोना वायरस: दुनियाभर में डेढ़ अरब से ज्यादा लोग घरों में कैद रहे
कोरोना वायरस के संक्रमण की महामारी को फैलने से रोकने लिए रविवार को भारत सहित दुनिया के कई देशों में डेढ़ अरब से ज्यादा लोग घरों में कैद रहे।
कोरोना वायरस के संक्रमण की महामारी को फैलने से रोकने लिए रविवार को भारत सहित दुनिया के कई देशों में डेढ़ अरब से ज्यादा लोग घरों में कैद रहे। वहीं, घातक संक्रमण से मरन वालों की तादाद बढ़कर 13,000 के पार पहुंच गई है। दुनिया में कुल तीन लाख से ज्यादा लोगों के संक्रमित में होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, 95 हजार से ज्यादा लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इस महामारी के कारण दुनिया के 35 से ज्यादा मुल्कों ने बंद (लॉकडाउन) घोषित किया हुआ है, जिससे जनजीवन, यात्रा और कारोबार प्रभावित हुए है। सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। वहीं, कई देशों की सरकारें अपनी सीमाएं पूरी तरह से बंद करने को लेकर जद्दोजहद कर रही हैं।
भारतीय समाचार पत्र हिंदुस्तान के अनुसार, सबसे बुरी तरह से प्रभावित इटली में लॉकडाउन को बढ़ाते हुए अब तमाम कारखाने भी बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा अमेरिका में कैलिफोर्निया के बाद न्यूयॉर्क में लोगों के आवागमन और गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिए गए है। न्यूजर्सी, कनेक्टिकट, पेंसिल्वेनिया और नेवाडा जैसे राज्य और इलिनॉयस, लॉस एंजिलिस और शिकागो जैसे बड़े शहर भी बंद है। कई अन्य राज्यों में भी प्रतिबंध लगाने की उम्मीद है। इस बीच अमेरिका के खाद्य और औषधि नियंत्रण प्रशासन ने कोरोना वायरस के एक ऐसे परीक्षण किट को मंजूरी दे दी है जिससे जांच के नतीजे 45 मिनट में मिल जाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, यह साझा राष्ट्रीय बलिदान का समय है, लेकिन यह अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने का भी वक्त है। उन्होंने कहा कि हमारी बड़ी जीत होगी। वहीं, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने अपने राष्ट्रीय संबोधन में चेताया कि देश को और मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।