भारत में कोरोना वायरस के मामले 7,500 पार, कुछ छूट के साथ लॉकडाउन बढ़ने की संभावना
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 7,500 के आंकड़े को पार कर गए और इस महामारी से अब तक 250 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 7,500 के आंकड़े को पार कर गए और इस महामारी से अब तक 250 से अधिक लोगों की मौत हुई है। वहीं, हालात का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक से एक दिन पहले लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने वाला पंजाब दूसरा राज्य हो गया। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शाम के अपडेट के मुताबिक अब तक 6,761 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और 206 लोगों की मौत हुई है।
लाइव हिंदुस्तान के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को और दो हफ्ते के लिए बढ़ाए जाने के संकेतों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 21 दिनों के लॉकडाउन पर राज्य सरकारों से उनके सुझाव मांगे हैं। लॉकडाउन का आज 17 वां दिन था। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लोगों और सेवाओं की क्या और अधिक श्रेणियों को छूट दिए जाने की जरूरत है, इस बारे में भी सुझाव मांगे गए हैं।
इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अभी तक भारत में सामुदायिक स्तर पर किसी तरह का संक्रमण नहीं हो रहा है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने भी देश को क्लस्टर केसेज नाम की श्रेणी में रखा है, यह श्रेणी सामुदायिक स्तर पर संक्रमण की श्रेणी से नीचे आता है और इस वर्गीकरण का इस्तेमाल यह वैश्विक संस्था करती है।
देर शाम विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि महामारी रोकने के लिये लगाए गए प्रतिबंधों को जल्दबाजी में हटाने से यह जानलेवा वायरस फिर से अपना कहर बरपा सकता है। पिछले साल दिसंबर में चीन में इस वायरस के पनपने के बाद से अब तक दुनिया भर में 16 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि विश्व में मृतक संख्या 1,00,000 पार कर चुकी है।
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों ने संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की है।
हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की दर बृहस्पतिवार को सिर्फ 0.2 फीसदी थी, जबकि 16,000 से अधिक नमूनों की जांच की गई थी। अब तक भारत में 1.5 लाख नमूनों की जांच हुई है।
विभिन्न राज्यों द्वारा दर्ज किए गए एवं वहां से शाम सात बजे तक प्राप्त आंकड़ों को संकलित कर तैयार किए गए पीटीआई के आंकड़ों के मुताबिक देश में इस वायरस से अब तक 7,510 लोग संक्रमित हुए हैं और कम से कम 251 लोगों की मौत हुई है। जबकि 700 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो गये और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
महाराष्ट्र में 1,574 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें से करीब 1000 मामले मुंबई से हैं। राज्य में 97 लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु और दिल्ली, प्रत्येक में पॉजिटिव मामले 900 के आंकड़े को पार गये हैं। राजस्थान में 500 से अधिक तथा मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश, प्रत्येक में 400 से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं।
सरकारी अधिकारियों ने यह भी बताया कि भारतीय नागरिकों को विदेश से लाने पर फैसला कोविड-19 स्थिति की समीक्षा करने के बाद के चरण में लिया जाएगा।
aXA6IDMuMTI5LjE5LjI1MSA= ejasoft island