बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने दर्ज कराया बयान, खुद को दी क्लीनचिट

बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने बुधवार को अपना बयान दर्ज कराया। अपने बयान में कनिका ने खुद को बेकसूर बताया है।
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने बुधवार को अपना बयान दर्ज कराया। अपने बयान में कनिका ने खुद को बेकसूर बताया है। कनिका का कहना है कि 10 मार्च को वह यूके से भारत आई थीं। इस दौरान उनको खुद को क्वारंटाइन करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ था। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर आनंद कुमार शाही ने बताया कि कनिका से पूछताछ के लिए कुछ सवालों की सूची बनाई गई थी, जिसके आधार पर उनसे पूछताछ की गई है।
दैनिक जागरण के अनुसार, पुलिस ने कनिका से यूके से आने से लेकर कोरोना संक्रमित होने तक उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। कनिका का बयान लेने के लिए विवेचक पुलिस टीम के साथ बुधवार को उनके महानगर स्थित आवास पर पहुंचे थे। कनिका ने बताया कि 18 मार्च को यूके से आने वालों के लिए एडवाइजरी जारी की गई थी।
इस दौरान लोगों को खुद क्वारंटाइन करने की सलाह दी गई थी। तब तक उनमें कोई लक्षण भी नहीं था। जैसे ही उनको पता चला, उन्होंने खुद चिकित्सकों से संपर्क किया था। कनिका का कहना है कि उनकी ओर से राजधानी में कोई पार्टी आयोजित नहीं की गई थी। यही नहीं, लखनऊ में वह किसी पार्टी में नही, बल्कि अपने मित्र के यहां लंच और डिनर में शामिल हुई थीं।
पुलिस ने कनिका के घर जाकर बयान के लिए नोटिस चस्पा की थी। कनिका को 30 अप्रैल को बयान के लिए बुलाया गया था। हालांकि, कनिका ने पुलिस से बुधवार को ही बयान लेने का आग्रह किया था, जिसके बाद पुलिस उनके घर पहुंची थी। कनिका के खिलाफ महामारी अधिनियम और लॉकडाउन का उल्लंघन करने की एफआइआर दर्ज की गई थी। कनिका ने खुद को निर्दोष बताते हुए उनके खिलाफ दर्ज एफआइआर को गलत बताया है। उनका कहना है उनके संपर्क में आए सभी लोग स्वस्थ हैं और किसी को कोरोना का संक्रमण भी नहीं हुआ है।