लंदन: शाही दर्जा खत्म होने की घोषणा के बाद पहली बार लोगों के बीच आए प्रिंस हैरी, निभाई ये खास जिम्मेदारी
ब्रिटेन में प्रिंस हैरी अपना शाही दर्जा छोड़ने की घोषणा के बाद गुरुवार को पहली बार लोगों के बीच आए।
ब्रिटेन में प्रिंस हैरी अपना शाही दर्जा छोड़ने की घोषणा के बाद गुरुवार को पहली बार लोगों के बीच आए। पौत्र प्रिंस हैरी और उनकी अमेरिकी पत्नी मेगन की इच्छानुसार महारानी एलिजाबेथ ने उनकी वरिष्ठ शाही सदस्य का दर्जा छोड़ने की इच्छा स्वीकार कर ली है।शाही दंपती अब अपने लिए स्वतंत्र भूमिका की तलाश में हैं।
दैनिक जागरण के अनुसार ब्रिटेन के सिंहासन के छठे नंबर के दावेदार प्रिंस हैरी ने गुरुवार को बकिंघम पैलेस के गार्डेन में बच्चों को रग्बी का लीग मैच खेलते देखा। ये बच्चे अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए तैयारी कर रहे थे। प्रिंस हैरी के लिए शाही अतिथि के रूप में जिम्मेदारी निभाने का यह आखिरी मौका था।
पिछले हफ्ते प्रिंस हैरी (35) और उनकी पत्नी मेगन (38) ने अपनी शाही जिम्मेदारी को छोड़ने की इच्छा जताई थी। वे अपना ज्यादा समय अमेरिका में गुजारना चाहते हैं, जहां वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने के लिए कुछ काम करना चाहते हैं। शाही दंपती की यह इच्छा महारानी और बाकी के शाही परिवार के लिए झटके जैसी थी।