ब्रिटेन में ब्रेक्जिट के लिए उलटी गिनती शुरू, डाउनिंग स्ट्रीट पर लगाई गई बड़ी घड़ी
लंदन। ब्रिटेन के यूरोपीय यूनियन (ईयू) से रिश्ता तोड़ने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
लंदन। ब्रिटेन के यूरोपीय यूनियन (ईयू) से रिश्ता तोड़ने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। करीब चार साल के इंतजार के बाद 31 जनवरी को ब्रेक्जिट की प्रक्रिया पूरी कर ब्रिटेन यूरोपीय यूनियन से अलग हो जाएगा। लंदन में प्रधानमंत्री आधिकारिक आवास 10, डाउनिंग स्ट्रीट पर एक बड़ी घड़ी लगाकर उलटी गिनती शुरू कर दी गई है।
दैनिक जागरण के अनुसार 31 जनवरी को रात 11 बजे ब्रिटेन औपचारिक रूप से यूरोपीय यूनियन के 27 देशों से अलग हो जाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कैबिनेट की विशेष बैठक करेंगे और उसके बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
31 जनवरी को ब्रिटिश कैबिनेट की विशेष बैठक इंग्लैंड के उत्तरी इलाके के किसी शहर में करेंगे। इसका उद्देश्य पूरे यूनाइटेड किंगडम की एकजुटता दिखाना होगा। यह स्कॉटलैंड, उत्तरी आयरलैंड और वेल्स के साथ होने का संकेत होगा।
शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा, 31 जनवरी इतिहास का महत्वपूर्ण दिन होगा। इस दिन यूनाइटेड किंगडम यूरोपीय यूनियन छोड़ेगा और दोबारा अपने स्वतंत्र स्वरूप में आएगा। सरकार इस मौके को नवनिर्माण के उत्सव के तौर पर मनाना चाहती है जिसमें समाज सभी वर्गो और समुदायों का योगदान होगा