यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन बनने लगा कोरोना का केंद्र, एक दिन में 708 मौतें
यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का केंद्र बनता जा रहा है। शनिवार को ब्रिटेन में 708 लोगों की मौत हो गई,
यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का केंद्र बनता जा रहा है। शनिवार को ब्रिटेन में 708 लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच साल के बच्चा भी शामिल है। स्पेन में 809 लोगों की मौत हुई है, लेकिन मरने वालों की संख्या में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई है। वहीं, इटली में भी 681 लोगों की जान गई, पर वहां भी हालात में सुधार देखने को मिल रहे हैं, क्योंकि वहां पहली बार आइसीयू में मरीजों की संख्या में गिरावट देखी गई है। ब्रिटेन में लगातार मामले बढ़ रहे हैं। यहां मरने वालों की संख्या 4,313 हो गई है।
दैनिक जागरण के अनुसार प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के बाद उनकी गर्भवती मंगेतर कैरी साइमंड में भी कोरोना के लक्षण देखे गए हैं। हालांकि, साइमंड ने कहा है कि एक हफ्ते के आराम के बाद वह बेहतर महसूस कर रही हैं। ब्रिटेन के कैबिनेट ऑफिस मंत्री माइकल गोव ने प्रेस ब्रीफिंग में लोगों से एक बार फिर शारीरिक दूरी के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने का आग्रह किया। संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई है।
स्पेन में मरने वालों की संख्या 11,744 हो गई है। संक्रमितों की संख्या भी एक दिन में 7,026 बढ़कर 1,24,736 हो गई है। अभी तक 34 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ाने की घोषणा की है। ग्रीस ने भी 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।