भारत: मिलेजुले रुख के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, Sensex में 12 अंकों की बढ़त
आज शुक्रवार को शेयर बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुआ।
आज शुक्रवार को शेयर बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 12.81 अंक की मामूली बढ़त के साथ 41,945.37 और एनएसई का निफ्टी 3.15 अंक की हल्की गिरावट के साथ 12,352.35 के स्तर पर बंद हुआ।
भारतीय अखबार हिन्दुस्तान के अनुसार आज सुबह शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई जबकि वैश्विक बाजार से सकारात्मक संकेत मिल रहे थे। सेंसेक्स में स्थिरता के साथ कारोबार चल रहा था जबकि निफ्टी लाल निशान के साथ बना हुआ था। सुबह 9.33 बजे सेंसेक्स स्थिरता के साथ 41,932.54 पर बना हुआ था और निफ्टी 21.35 अंकों की कमजोरी के साथ 12,334.15 पर कारोबार कर रहा था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस और एचसीएल जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही परिणामों की घोषणा से पहले शुक्रवार को शेयर बाजारों की शुरुआत में निवेशकों का रुख सावधानी भरा रहा। पिछले सत्र यानी गुरुवार को सेंसेक्स 41,932.56 अंक पर और निफ्टी 12,355.50 अंक पर बंद हुआ था।