कजाकिस्तान के राष्ट्रपति: अफगानिस्तान में जल्द विशेष प्रतिनिधि होगा नियुक्त
कजाकिस्तान ने कहा है कि अफगानिस्तान में वह जल्द अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त करेगा।
कजाकिस्तान ने कहा है कि अफगानिस्तान में वह जल्द अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त करेगा। राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति असरफ घानी के साथ 56वीं म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में बैठक के बाद यह घोषणा की। राष्ट्रपति तोकायेव ने शनिवार को इस बारे में प्रेस बयान जारी किया। राष्ट्रपति तोकायेव ने अपने बयान में अफगानिस्तान को कजाकिस्तान का अच्छा सहयोगी बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों व संचार में सुधार के लिए अफगानिस्तान में कजाकिस्तान अपना विशेष प्रतिनिधि नियुक्त करेगा। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति असरफ घानी ने भी कजाकिस्तान से संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को कहा। उन्होंने कहा कि कजाकिस्तान के उदार रवैये से भविष्य में दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को और प्रगाढ़ता मिलेगी।
समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ की खबर के अनुसार, कासिम जोमार्ट तोकायेव ने पैनल चर्चा में कहा कि संबंधों में प्रगाढ़ता के लिए दोनों देशों की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अफगानिस्तान के एक हजार से अधिक युवा कजाकिस्तान के विभिन्न संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कजाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान की महिलाओं को विशेष छात्रवृति प्रदान की जा रही है। तोकायेव ने कहा कि विश्वास है कि भविष्य में दोनों देशों का सहयोगात्मक रवैया और परवान चढ़ेगा।
म्यूनिख सम्मेलन में वर्तमान व भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा को लेकर पांच सौ से अधिक उच्चस्तर के अंतरराष्ट्रीय निर्णयकर्ताओं के साथ ही 35 देशों के राष्ट्राध्यक्ष व 100 के करीब रक्षा व विदेशमंत्री पहुंचे हैं।