झारखंड के लिए अगले पांच साल अहम : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि झारखंड के लिए अगले पांच साल अहम हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि झारखंड के लिए अगले पांच साल अहम हैं। इन पांच सालों में हमें झारखंड को इतना सशक्त बनाना है कि उसे पीछे मुड़कर देखना न पड़े। उन्होंने कहा कि झारखंड अभी 19 साल का है। यह टीन एज होता है। इस उम्र में विशेष देखभाल की जरूरत होती है। यह देखभाल हम सबको मिलकर करना है। पीएम ने उक्त बातें जमशेदपुर और खूंटी में आयोजित चुनावी सभाओं में कहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जहां विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा वहीं आदिवासियों के हितों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब झारखंड की उम्र 19 साल हो गई है। दुनिया में टीनएज की चर्चा होती है। घर में जब बच्चे 19 साल के हो जाते हैं तो मां-बाप सजग हो जाते हैं। झारखंड की जनता के लिए भी अब झारखंड 19 साल का हो चुका है। ऐसे में इसका भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी हमसब की है। जब यह राज्य 25 साल का हो जाए तो इतना ताकतवर, इतना समृद्ध और इतना सशक्त बन जाए कि उसे पीछे मुड़कर देखना नहीं पड़े। इसलिए आप यह मौका मत गंवाइए। मैं आपके लिए हमेशा तैयार हूं आप मेरा साथ दीजिए।
मोदी ने कहा है कि भाजपा सरकार आदिवासी क्षेत्रों में विशेष ध्यान दे रही है। उनके हितों की रक्षा में भाजपा का ट्रैक रिकार्ड रहा है। अटल जी की सरकार ने जनजातीय समुदाय के लिए अलग झारखंड और छत्तीसगढ़ का गठन किया था। पहली बार जनजातीय समुदाय के लिए अलग से मंत्रालय बनाया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को भरोसा दिया कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों पर हमारी सरकार आंच नहीं आने देगी।