अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस ने 121.6 करोड़ में खरीदा नया घर
दुनिया के सबसे अमीर शख्स और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने न्यूयॉर्क में एक नया घर खरीदा है।
दुनिया के सबसे अमीर शख्स और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने न्यूयॉर्क में एक नया घर खरीदा है। उन्होंने यहां तीन हजार स्कवॉयर फुट में 16 मिलियन डॉलर (करीब 121.6 करोड़ रुपये) में नया घर खरीदा है। इस घर में तीन बेडरूम और तीन बाथरूम हैं। यह अपार्टमेंट उनके द्वारा खरीदे गए पिछले अपार्टमेंट के ठीक नीचे है।
अमर उजाला के अनुसार, पिछले साल गर्मियों में बेजोस ने एक पेंटहाउस और दो नए अपार्टमेंट खरीदे थे। अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बेजोस ने नया घर जिस व्यक्ति से खरीदा है उसने इस संपत्ति को 2018 में 1.125 करोड़ डॉलर में खरीदा था। यानी बेजोस ने केवल दो साल बाद इस संपत्ति को 43 फीसद अधिक राशि देकर खरीदा है। नए अपार्टमेंट को उन्होंने डेलावेयर में पंजीकृत एक कंपनी के माध्यम से खरीदा है।
जहां इस समय दुनिया कोरोना वायरस से जूझ रही है और कई देशों की अर्थव्यवस्था पर इसका बुरा असर पड़ा है। ऐसे समय पर भी बेजोस की संपत्ति में लगभग 24 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। लॉकडाउन के दौरान खरीददारी के लिए लोगों की निर्भरता ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन पर बढ़ गई है। इसकी वजह से बेजोस की संपत्ति में वृद्धि देखने को मिली है। इससे पहले जेफ बेजोस ने लॉस एंजिल्स में 16.5 करोड़ डॉलर (1171.5 करोड़ रुपये से अधिक) का आलीशान घर खरीदा था। जो इस क्षेत्र में संपत्ति का नया रिकॉर्ड है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार बेजोस ने इस आलीशन घर (वार्नर एस्टेट) को मीडिया कारोबारी डेविड गेफेन से खरीदा था।