इजराइल में कोरोना वायरस का पहला मामला, क्रूज जहाज 'डायमंड प्रिंसेस' से लौटा था पीड़ित
जापान के क्रूज जहाज डायमंड प्रिंसेस से स्वदेश लौटे इजराइल के एक नागरिक में शुक्रवार (21 फरवरी)
जापान के क्रूज जहाज डायमंड प्रिंसेस से स्वदेश लौटे इजराइल के एक नागरिक में शुक्रवार (21 फरवरी) को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई जो देश का पहला मामला है। कोरोना वायरस से प्रभावित होने के बाद इस जहाज को पृथक रखा गया था। इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी बयान में कहा गया है, ''क्रूज जहाज से वापस स्वदेश लौटने वाले एक यात्री में इस वायरस की पुष्टि हुई है। उसके नमूने की जांच केंद्रीय प्रयोगशाला में की गई थी।"
भारतीय समाचार पत्र हिंदुस्तान के अनुसार डायमंड प्रिंसेस में सवार इजराइल के 15 यात्रियों को पृथक रखा गया था, जिसमें से 11 नागरिक स्वदेश वापस लौट गए हैं। बयान में कहा गया है कि स्वदेश लौटने वाले अन्य यात्रियों में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इजराइल वापस आने वाले यात्रियों को शेबा अस्पताल में 14 दिन तक तेल हशोमर शहर में पृथक रखा गया था।
इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह ''अवश्यंभावी है कि चीन में फैले कोरोना वायरस इजराइल पहुंचेगा।' उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से इसकी दवा बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की थी। जनवरी में सरकार ने चीन से आने वाले सभी विमानों के देश में उतरने पर प्रतिबंध लगा दिया था।