ट्रेड वॉर का असर: चीन की जीडीपी ग्रोथ 2019 में 6.1% रही, यह 29 साल में सबसे कम
चीन की जीडीपी ग्रोथ 2019 में 6.1% रह गई। यह 29 साल में सबसे कम है। चीन की सरकार ने शुक्रवार को कहा- कमजोर घरेलू मांग और अमेरिका के साथ 18 महीने तक चले ट्रेड वॉर की वजह से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा।
चीन की जीडीपी ग्रोथ 2019 में 6.1% रह गई। यह 29 साल में सबसे कम है। चीन की सरकार ने शुक्रवार को कहा- कमजोर घरेलू मांग और अमेरिका के साथ 18 महीने तक चले ट्रेड वॉर की वजह से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा। 2019 में दुनिया की दूसरी सबसे अर्थव्यवस्था चीन की विकास दर 1990 के बाद सबसे कम रही। अमेरिका के साथ ट्रेड वॉर और घटते निर्यात की वजह से 2018 में चीन की अर्थव्यवस्था 28 साल के निचले स्तर 6.6% पर पहुंची थी। इससे पहले 2017 में विकास दर 6.8% रही थी।
दैनिक भास्कर के अनुसार, बुधवार को चीन और अमेरिका ने पिछले 18 महीने से जारी ट्रेड वॉर को थामने के लिए पहले चरण के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके एक दिन बाद (गुरुवार) चीन के नेशनल ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (एनबीएस) ने कहा था कि पिछले डेढ़ साल में अमेरिका और चीन ने एक-दूसरे के निर्यात पर 25% कर लगाया, जिससे दोनों देशों के बीच 1.5 ट्रिलियन डॉलर के व्यापार पर असर पड़ा।
एनबीएस के आंकड़ों के अनुसार, चीन की प्रति व्यक्ति डिस्पोजेबल आय 2019 में 30,733 युआन (4,461.95 अमेरिकी डॉलर) थी, जो पिछले साल से 5.8% ज्यादा थी। वहीं, चीन में प्रति व्यक्ति उपभोक्ता खर्च में 5.5% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 2019 में यह 21,559 युआन तक पहुंच गया। मूल्य आधारित औद्योगिक उत्पादन सूचकांक ने 2019 में 5.7% की दर से प्रगति की, जो 2018 के 6.2% से कम रहा। वहीं, दिसंबर में फिक्स्ड-एसेट इनवेस्टमेंट (एफएआई) में 5.4% की बढ़त दर्ज हुई, जो साल के पहले 11 महीनों में से 0.2% ज्यादा रहा।