अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिक वापस बुलाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, कहा- अंदरूनी मामलों में नहीं देंगे दखल
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फिर अफगानिस्तान से अपने सैनिकों को वापस
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फिर अफगानिस्तान से अपने सैनिकों को वापस बुलाने की बात कही। उन्होंने हालांकि इसकी कोई समयसीमा नहीं बताई है। ट्रंप ने यह भी साफ किया है कि तालिबान के साथ शांति समझौते के बाद अमेरिकी सैनिक अफगानिस्तान के अंदरूनी मामलों में किसी प्रकार का दखल नहीं देंगे। तालिबान के साथ नौ दौर की वार्ता के बाद ट्रंप ने पिछले साल सितंबर में एक आत्मघाती हमले में अमेरिकी सैनिक की मौत के बाद बातचीत रोक दी थी। लेकिन नवंबर में उन्होंने फिर वार्ता शुरू करने की घोषणा की थी।
दैनिक जागरण के अनुसार अमेरिकी संसद को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, अफगानिस्तान में हमारे सैनिकों के प्रयासों से क्षेत्र में हमारी स्थिति मजबूत है। तालिबान के साथ शांति वार्ता चल रही है। हमारे सैनिक सबसे अच्छे हैं। वे या तो जीतने के लिए लड़ते हैं या फिर बिल्कुल नहीं लड़ना चाहते। हम अमेरिका के सबसे लंबे युद्ध को खत्म करने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। हम अपने सैनिकों को वापस लाना चाहते हैं। अफगानिस्तान में अभी अमेरिका के करीब 14 हजार सैनिक हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को भी समाप्त करने की बात कही। उन्होंने कहा, तीन साल पहले आइएस का इराक और सीरिया के करीब 52 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा था। लेकिन आज आइएस सरगना बगदादी मारा जा चुका है। हमारी सरकार देश की राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही कट्टर आतंकवाद का भी डटकर मुकाबला कर रही है।