भारत में 7529 पहुंची संक्रमित मरीजों की संख्या, अब तक 242 लोगों की मौत
देश में जानलेवा कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का आज 18वां दिन है
देश में जानलेवा कोरोना वायरस को खत्म करने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का आज 18वां दिन है, लेकिन संक्रमित मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अबतक 7529 संक्रमित मरीज हो चुके हैं। इनमें से 642 लोग ठीक हुए हैं, जबकि 242 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1800 के पार पहुंच गया है। राज्य में अबतक सबसे ज्यादा 110 लोगों की मौत हुई है।
एबीपी न्यूज ने स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के बयान के आधार पर लिखा है कि, COVID19 से बचने के लिए भारत ने तेजी से तैयारी की है। देश में 586 COVID-19 समर्पित अस्पताल और 1 लाख से अधिक आइसोलेशन बेड और 11,500 ICU बेड हैं। गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि गृह मंत्रालय ने आज एक पत्र में राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों से डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध किया है, जहां वे अस्पतालों और क्वारंटीन में काम कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अगर लॉकडाउन लागू नहीं किया जाता तो कोविड-19 के मामले 41 फीसद बढ़ जाते, जिसके फलस्वरूप 15 अप्रैल तक 8.2 लाख मामले सामने आते। देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के मामलों में 1035 की वृद्धि हुई और 40 मरीजों की मौत हो गयी।