भारत:देहरादून के होटल में तीन दिन रुकी महिला मिली कोरोना पॉजिटिव
देहरादून के एक होटल में ठहरी महिला में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
देहरादून के एक होटल में ठहरी महिला में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। महिला और उनके पति अब फरीदाबाद पहुंच चुके हैं। इसके बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने होटल में अग्रिम आदेशों तक किसी भी प्रकार की आवाजही पर रोक लगा दी है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उक्त महिला के संपर्क में आए समस्त लोगों को चिन्हित कर आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमर उजाला के अनुसार महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे होटल को सेनीटाइज कराया। साथ ही होटल के कर्मचारियों को 14 दिन के लिए होम कोरेंटाइन कर दिया गया है।
पुलिस सूचना के मुताबिक, हाल ही में दंपती स्पेन की यात्रा कर लौटी थी। इसके बाद वह दंपती देहरादून में जाखन स्थित होटल में नौ से 11 मार्च तक ठहरा था। 11 मार्च को यह दंपती वापस फरीदाबाद चला गया। इस बीच पता लगा कि महिला में कोरना के लक्षण पाए गए हैं। उसका सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना फरीदाबाद के प्रशासन द्वारा देहरादून जिला प्रशासन को दी गई ।