भारत सरकार लॉकडाउन खत्म होते ही विदेशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस ला सकती है
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के चलते विदेश में फंसे भारतीय जल्द ही स्वदेश लौट आएंगे।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के चलते विदेश में फंसे भारतीय जल्द ही स्वदेश लौट आएंगे। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को इसके लिए तैयारी शुरू कर दी। इसके तहत विशेष उड़ानों से विदेशों में फंसे हजारों भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जाएगा। इस दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष अस्पतालों की भी व्यवस्था की गई है।
भारतीय अखबार अमर उजाला के अनुसार, 22 मार्च से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द किए जाने के कारण विदेश में हजारों भारतीय फंसे हुए हैं। इन्हें वापस लाए जाने की मांग भी उठाई जा रही है। जानकारी के अनुसार करीब एक हफ्ते से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में फंसे हुए भारतीयों को घर वापस लाने के तौर-तरीकों पर वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने शुक्रवार को इस दिशा में पहला कदम बढ़ाते हुए सभी राज्य सरकारों को लॉकडाउन खत्म होने के बाद विशेष अस्पताल तैयार करने के लिए कहा है। ताकि इनमें विदेशों से लौटने वाले भारतीय नागरिकों को जरूरत पड़ने पर क्वारंटीन किया जा सके। गौबा ने इस संबंध में राज्यों के मुख्य सचिवों को वीडियो कॉनफ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए हैं।
वहीं दूसरी ओर विदेश मंत्रालय ने भी इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। मंत्रालय विदेश में फंसे भारतीयों से संपर्क कर पता लगा रहा है कि कितने भारतीय नागरिक स्वदेश लौटना चाहते हैं। मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि एक अनुमान के मुताबिक सिर्फ भारतीय ही नहीं कई और नागरिक भी भारत आने के इच्छुक हो सकते हैं। एक उदाहरण के तौर पर केरल सरकार का अनुमान है कि करीब एक लाख लोग अपने गृह राज्य आना चाहते हैं। उनमें से कई सिर्फ इसलिए वापस आना चाहते हैं, क्योंकि वह पिछले काफी समय से भारत में रह रहे अपने परिवार के लोगों से मिले नहीं हैं। साथ ही उन्हें यह भी शंका है कि क्या पता भविष्य में काफी लंबे समय के लिए उड़ानें रद्द कर दी जाएं।