भारत में कॉग्निजेंट कंपनी अपने कर्मचारियों को देगी 25 फीसद ज्यादा सैलरी
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में बुधवार से ही 21 दिन का लॉकडाउन जारी है।
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में बुधवार से ही 21 दिन का लॉकडाउन जारी है। ऐसे में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां बंद हैं। इसके चलते कई कंपनियां काम काज ठप पड़ जाने पर अपने कर्मचारियों की सैलरी भी काट रही हैं और कर्मचारियों की छंटनी करने के लिए और आगे बढ़ रही हैं। इस बीच आईटी कंपनी कॉग्निजेंट ने सबको चौंकाते हुए अपने कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी देने का निर्णय लिया है।
दैनिक जागरण के अनुसार कॉग्निजेंट ने कहा है कि वह एसोसिएट और उससे निचले स्तर के अपने कर्मचारियों को अप्रैल महीने में बेसिक सैलरी के आधार पर 25 फीसद ज्यादा वेतन देगी। दिग्गज आईटी कंपनी के इस फैसले से भारत में उसके एक लाख 30 हजार कर्मचारियों को भी फायदा पहुंचेगा। पिछले साल दिसंबर महीने के आंकड़े के अनुसार कॉग्निजेंट के कर्मचारियों की संख्या भारत में 2 लाख तीन हजार है। कंपनी ने भारत के साथ ही फिलीपींस के अपने कर्मचारियों के लिए भी यह घोषणा की है।
कंपनी के सीईओ ब्रायन हंफ्रीज ने कहा, 'योजना के अनुसार, कर्मचारियों को अतिरिक्त भुगतान अप्रैल महीने की सैलरी के साथ होगा। कंपनी अपने इस फैसले की मासिक समीक्षा भी करेगी।' हंफ्रीज ने कोरोना वायरस को दुनिया के लिए बड़ा संकट बताया और कहा कि इस संकट के कारण अन्य कंपनियों की तरह उनकी कंपनी भी डिमांड और सप्लाई के मोर्चे पर चुनौतियों से जूझ रही है।
aXA6IDE4LjExOC4xODQuMjM3IA== ejasoft island