अमेरिका में बढ़ रहा भारतीय भाषा का क्रेज, नौ लाख से ज्यादा लोग बोलते हैं हिंदी
वाशिंगटन। भारत के एक शीर्ष राजनयिक ने कहा है कि अमेरिका में नौ लाख से ज्यादा लोग हिंदी बोलते हैं।
वाशिंगटन। भारत के एक शीर्ष राजनयिक ने कहा है कि अमेरिका में नौ लाख से ज्यादा लोग हिंदी बोलते हैं। भारतीय दूतावास यहां अमेरिकियों और विदेशी नागरिकों के लिए हिंदी की निश्शुल्क कक्षाएं भी आयोजित करता है।
दैनिक जागरण के अनुसार भारतीय दूतावास में प्रभारी राजनयिक अमित कुमार ने 'विश्व हिंदी दिवस' समारोह के दौरान कहा, यह बताना बहुत सुखद है कि अमेरिका में व्यापक पैमाने पर हिंदी बोली और सिखाई जाती है। अमेरिकी सामुदायिक सर्वेक्षण के मुताबिक यहां नौ लाख से ज्यादा लोग हिंदी बोलते हैं। भारत दुनिया के सर्वाधिक महत्वपूर्ण देश के तौर पर उभरा है और लोगों में हिंदी सीखने के प्रति असाधारण रुचि देखी गई है। पर्यटन, उद्योग और अन्य उद्देश्यों के लिए भारत की यात्रा करने वाले लोगों को हिंदी सीखने से भारत के लोगों का दिल और दिमाग जीतने का मंत्र मिल सकता है।
चीनी भाषा सीखने और चीन में काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा, स्थानीय भाषा बोलने से कई नई संभावनाओं के द्वार खुलते हैं। पिछले दो वर्षो से भारतीय दूतावास विभिन्न देशों के नागरिकों के लिए मुफ्त में हिंदी कक्षाएं संचालित कर रहा है। इतना ही नहीं उसने जॉर्ज वाशिंगटन विश्वविद्यालय और जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय जैसे अमेरिका के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थाओं के साथ भागीदारी भी की है। भारतीय दूतावास अमेरिका की नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के लिए एक विशेष योजना पर भी विचार कर रहा है।
बता दें कि भारतीय दूतावास के भारतीय संस्कृति शिक्षक मोक्षराज 16 जनवरी से नि:शुल्क हिंदी की कक्षाएं लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हिंदी की लोकप्रियता निरंतर बढ़ती जा रही है। लोग हिंदी भाषा सीखकर भारत के बारे में सही जानकारी हासिल करना चाहते हैं। वहीं, अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के कई संगठन भी कवि सम्मेलन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिये हिंदी को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।
aXA6IDMuMTM1LjE5OC40OSA=
ejasoft island