भारत के 63 धनकुबेरों के पास पूरे देश के बजट से ज्यादा पैसा
भारत के एक फीसदी बेहद अमीर लोगों के पास देश के कुल 95.3 करोड़ लोगों से करीब चार गुना ज्यादा संपत्ति है।
भारत के एक फीसदी बेहद अमीर लोगों के पास देश के कुल 95.3 करोड़ लोगों से करीब चार गुना ज्यादा संपत्ति है। इन धनकुबेरों के पास इतनी संपत्ति है कि इसमें देश का पूरे एक साल का बजट बन जाए। विश्व आर्थिक मंच की सालाना बैठक में जारी एक स्टडी में ये बात सामने आई है।
न्यूज़ 18 के अनुसार, स्विटजरलैंड के शहर दावोस में WEF की 50वीं सलाना बैठक में ऑक्सफेम कंफेडरेशन ने 'टाइम टू केयर' नाम से ये रिपोर्ट पेश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, विश्व के कुल 2,153 अरबपतियों के पास धरती की कुल आबादी का 60 फीसदी हिस्सा रखने वाले 4.6 अरब लोगों से भी ज्यादा संपत्ति है।
इस रिपोर्ट में ऑक्सफेम ने भारत को लेकर कहा कि यहां के 63 अरबपतियों के पास देश के कुल बजट से ज्यादा संपत्ति है। इसमें वर्ष 2018-19 के बजट का संदर्भ दिया गया है, जो 24 लाख 42 हजार दो सौ करोड़ रुपये थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में अमीरों और गरीबों के बीच की खाई बढ़ती जा रही है। ज्यादातर अमीरों की संपत्ति एक दशक में दोगुनी हो गई है, जबकि संयुक्त रूप से देखा जाए तो उनकी संपत्ति बीते एक साल में कुछ कम हुई है।
'टाइम टू केयर' रिपोर्ट को पेश करने वाले ऑक्सफेम इंडिया के सीईओ अमिताभ बेहर कहते हैं, 'अमीरों और गरीबों के बीच फासला बढ़ता जा रहा है, जिसे असमानता को कम करने वाली नीतियां लाए बिना खत्म नहीं किया जा सकता। बहुत कम सरकारें ऐसा कर रही हैं।'
aXA6IDMuMTMzLjE0Ny4yNTIg
ejasoft island