दिल्ली के फिल्मिस्तान इलाके में आग से 43 लोगों की मौत, BJP देगी 5-5 लाख मुआवजा
राजधानी दिल्ली के रानी झांसी रोड पर रविवार सुबह अनाज मंडी में भीषण आग लग गई। इस घटना में अब तक पुलिस ने 43 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
राजधानी दिल्ली के रानी झांसी रोड पर रविवार सुबह अनाज मंडी में भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और बिना किसी देरी के आग को काबू में करने की कोशिश शुरू की। इस घटना में अब तक पुलिस ने 43 लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
आज तक के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। इलाके में लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है।
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अनुराग ठाकुर ने मौके पर जाकर घटना के संबंध में जानकारी ली और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया। अनाज मंडी में एक इमारत में आग लगी।
केजरीवाल सरकार में मंत्री इमरान हुसैन ने घटना की जांच कराने का ऐलान करते हुए कहा है कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।