जापान क्रूज पर फंसा एक और भारतीय कोरोना वायरस से संक्रमित
टोक्यो। जापान के योकोहामा बंदरगाह पर खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज शिप पर मौजूद
टोक्यो। जापान के योकोहामा बंदरगाह पर खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज शिप पर मौजूद एक और भारतीय के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह अब तक कुल तीन भारतीय संक्रमित हो चुके हैं। सभी जहाज के चालक दल के सदस्य हैं।
दैनिक जागरण के अनुसार जापान में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि अब तक क्रूज में मौजूद 218 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इस बीच, जहाज में मौजूद जिन बुजुर्ग यात्रियों के टेस्ट निगेटिव आए हैं, उन्हें धीरे-धीरे अपने घर जाने की अनुमति दी जा रही है। ऐसे 11 बुजुर्ग यात्रियों का जत्था शुक्रवार दोपहर काले शीशे लगी एक बस से रवाना किया गया। पिछले महीने हांगकांग का एक यात्री इस क्रूज से उतरा था। बाद में उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए जब पांच फरवरी को यह क्रूज जापान पहुंचा तो किसी को भी इससे उतरने नहीं दिया गया। इसके 14 दिन की आइसोलेशन अवधि 19 फरवरी को समाप्त हो रही है। इसमें चालक दल और यात्री मिलाकर कुल 3711 लोग सवार थे। इनमें 138 भारतीय हैं।